हादसे के बाद जांच करते सीओ गजरौला
- फोटो : संवाद
पाकबड़ा के रतनपुर कलां निवासी अलशिफा (11) की गजरौला में हाईवे किनारे नाले में डूबने से मौत हो गई। वह मामा और मौसी के साथ गजरौला से दवाई लेकर ननिहाल महेशरा लौट रही थीं। अचानक आए वाहन को बचाने के प्रयास में उसके मामा की बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे पर गिर गई और बाइक पर बैठी अलशिफा हाईवे के बराबर में नाले में जा गिरी।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद छात्रा को निकाला जा सका। हादसे में बालिका के मामा व मौसी भी घायल हो गए।मुरादाबाद के पाकबड़ा थानाक्षेत्र के गांव रतनपुर कलां निवासी माजिद की बेटी अलशिफा ईद पर मां बेनजीर के साथ रजबपुर थानाक्षेत्र के महेशरा गांव स्थित ननिहाल आई थी।
ईद मनाने के बाद मां अपने घर चली गई, जबकि अलशिफा मामा के घर ही रुक गई थी। सोमवार को अलशिफा और उसकी मौसी बानो जफरु उर्फ जफरुद्दीन के साथ बाइक से गजरौला दवाई लेने आई थी। जफरुद्दीन बानो का भाई है।
गजरौला में खरीदारी कर दोपहर करीब 2.30 बजे तीनों महेशरा लौट रहे थे। तीनों नगर से करीब तीन किलोमीटर मुरादाबाद की दिशा में पहुंचे तो किसी वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे पर फिसल गई।
बानो व जफरुद्दीन हाईवे पर गिरकर घायल हो गए। जबकि, अलशिफा दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाली लेन के किनारे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के नाले में जा गिरी। हादसा होता देख आसपास के दुकानदार व प्रतिष्ठानों पर काम करने वाले लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायल भाई-बहन को सीएचसी में भिजवाया।
विपिन व इंटर का छात्र बालिका को निकालने नाले में कूदे
बालिका को निकालने के लिए विपिन ठाकुर व इंटर का छात्र सादिक नाले में कूद पड़े। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद बालिका को बाहर निकाला जा सका और उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर सीओ घटना स्थल पर गए।
आसपास के लोगों से जानकारी ली। सीओ ने बताया कि बालिका की मौत का मामला सामने आया है। जांच की जा रही है।