हसनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले जुटे व्यापारियों ने चामुंडा मंदिर की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग उठाई। कहा कि धार्मिक स्थलों की भूमियों पर माफिया की नजर है। जगह-जगह अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। इसे सहन नहीं किया जाएगा।
मंगलवार को जिलाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारी एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पर पहुंचे। कहा कि नगर स्थित मां चामुंडा मंदिर की कुछ भूमि पर माफिया ने अवैध कब्जा कर रखा है। आदमपुर की रामलीला मैदान की भूमि पर भूमाफिया द्वारा अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। भूमि को जल्द कब्जा मुक्त कराया जाए और भू माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। चेतावनी दी कि यदि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रकरण में कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे जनपद के व्यापारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। एसडीएम की गैर मौजूदगी में ज्ञापन लेने के लिए नायब तहसीलदार पहुंच गए लेकिन व्यापारियों ने उन्हें ज्ञापन नहीं दिया। इसके बाद तहसीलदार ने पहुंचकर व्यापारियों का ज्ञापन लिया।
इस मौके पर प्रदेश मंत्री मुकेश गोयल, युवा जिला अध्यक्ष शिखर अग्रवाल, संदीप गुप्ता, पंकज भटनागर, मोहित अग्रवाल, मनोज गोयल, विवेक शर्मा, सोनिया प्रजापति, सीमा यादव, सुमित अग्रवाल आदि रहे।