अमरोहा। यूपी बोर्ड ने इंटरमीडिएट व हाईस्कूल की परीक्षा नकलविहीन और निष्पक्ष रूप से कराए जाने की तैयारी भी शुरू कर दी है। इसके लिए आपत्तियों का निस्तारण कर केंद्रों की सूची भी बोर्ड को भेज दी गई है। वहीं परीक्षा केंद्रों की त्रिस्तरीय मॉनिटरिंग की जाएगी। जनपद, मंडल एवं राज्य स्तर पर बने कंट्रोल रूम केंद्रों की निगरानी करेंगे। इससे पहले कैमरों का ट्रायल भी पूरा किया जाएगा।
यूपी बोर्ड की परीक्षा 22 फरवरी 2024 से आयोजित होंगी। जिसमें 10वीं और 12वीं के कुल 53383 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। साथ ही परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए बोर्ड ने तैयारी शुरू कर दी है। आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद केंद्रों की सूची भी बोर्ड काे भेज दी गई है। अनंतिम रूप से 68 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की गई थी। जिस पर 102 आपत्तियां आईं थीं। डीएम ने संबंधित तहसीलों के एसडीएम को आपत्तियों के निस्तारण की जिम्मेदारी सौंपी थी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद जल्द ही परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी होने की संभावना है।
बोर्ड परीक्षा में उन्हीं विद्यालयों को केंद्र बनाया जाएगा, जो सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगे। परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए केंद्रों की त्रिस्तरीय निगरानी भी होगी। जिला, मंडल के साथ साथ प्रदेश स्तर पर बना कंट्रोल रूम परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेगा। इसके लिए पहले ही परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का ट्रायल भी किया जाएगा। ट्रायल के बाद मिलने वाली खामियों को भी समय से दूर किया जा सकेगा।
-
आपत्तियों के बाद परीक्षा केंद्रों की सूची बोर्ड को भेजी जा चुकी है। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरे से लैस रहेंगे। परीक्षा से पहले सभी कैमरों का ट्रायल करा कर देखा जाएगा।
-वीपी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक