अमरोहा। प्रसिद्ध शायरा निकहत अमरोहवी से छह लाख रुपये की धोखाधड़ी और उनकी फेसबुक को हैककर आपत्तिजनक कमेंट करने के मुकदमे में वांछित बिहार के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी भी बिहार का शायर है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि नगर के मोहल्ला काजाजादा निवासी निकहत अमरोहवी प्रसिद्ध शायरा हैं। दो साल पहले उनकी मुलाकात किसी मुशायरे के दौरान मौलाना अली अब्बास निवासी चंदवा थाना मुसहरी जनपद मुजफ्फरपुर बिहार से हुई थी। मौलाना अली अब्बास भी शायर है। निकहत अमरोहवी ने मौलाना अली अब्बास से लखनऊ में मकान लेने का जिक्र किया था। आरोप के मुताबिक अली अब्बास ने उन्हें लखनऊ में मकान दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये ले लिए थे। यह रकम निकहत ने अपने खाते से अली अब्बास के खाते में ट्रांसफर कराई थी। उसने न तो मकान दिलाया और न पैसे वापस किए। लिहाजा दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी बीच अली अब्बास ने निकहत को बाउंस चेक थमा दिया था। बाद में अली अब्बास ने निकहत अमरोहवी का आफिशियल फेसबुक पेज हैक कर आपत्तिजनक कमेंट शेयर किए। शायरा निकहत अमरोहवी ने इसकी शिकायत तत्कालीन एसपी डॉ. विपिन ताडा से की थी। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली थी। तभी से आरोपी मौलाना अली अब्बास वांछित चल रहा था। इंस्पेक्टर के मुताबिक शुक्रवार को मौलाना अली अब्बास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।