अमरोहा। लॉटरी में रकम लगाने पर दो साल में पैसा मिलने का लालच देकर युवक से 3.50 लाख रुपये ठग लिए गए। समय पूरा होने पर रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर नौगांवा सादात पुलिस ने दो मौसेरे भाइयों समेत तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौगांवा सादात कोतवाली क्षेत्र के गांव मखदूमपुर निवासी शमशाद के मुताबिक, गांव मुकारी निवासी उसके मौसेरे भाई जावेद और कामिल ने अपने परिचित नसीम के साथ मिलकर उसे लॉटरी में रुपये लगाने का प्रस्ताव दिया था। आरोपियों ने बताया कि 20 लोगों की लॉटरी होगी। इसमें प्रत्येक व्यक्ति को 3.50 लाख रुपये जमा करने होंगे। दो साल बाद सभी को उनकी रकम मिल जाएगी।
आरोपियों के झांसे में आकर शमशाद ने नकद और बैंक खाते के माध्यम से तीनों को कुल 3.50 लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि निर्धारित समय पूरा होने के बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से साफ इन्कार कर दिया। कई बार तगादा करने के बावजूद उसे रकम नहीं मिली।
पीड़ित के अनुसार, बीती 13 अगस्त को तीनों आरोपी उसके घर में घुस आए। यहां उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
शमशाद ने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने अदालत में प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।