क्षेत्र के खाईखेड़ा खादर गांव निवासी अक्षय ने बताया कि वह दिव्यांग और अनपढ़ हैं। उनका पक्का घर नहीं है। आरोप है कि आजाद नगर मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने उसे व उसके भाई को रोजगार शुरू कराने के लिए बैंक से लोन दिलाने की बात कही। इस पर दोनों भाइयों ने कहा कि उनके पास जमीन नहीं है, तो आरोपियों ने पहले दोनों के नाम से प्लॉट खरीदने और फिर उस पर लोन दिलाने की बात कही। दोनों भाई उनके झांसे में आ गए।
तीन अगस्त 2023 को तहसील मंडी धनौरा में आरोपियों ने गाटा संख्या 455 और रकबा 0680 हेक्टेयर में से 62.72 वर्ग मीटर का बैनामा करा दिया। उक्त जमीन प्रियंका देवी पत्नी सुरेंद्र के नाम थी। आरोपियों ने उक्त प्लॉटों के कागज गजरौला की चौपला स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में लगाए और अक्षय व उनके भाई का पीएनबी में खाता खुलवाने के बाद बैंक पासबुक अपने पास रख ली। बैंक से चैक बुक भी जारी करा ली और दोनों भाइयों के नाम पर 10-10 लाख रुपये का लोन निकाल लिया।
इसके बाद आरोपियों ने दोनों भाइयों भाई के नाम हुई प्लॉट रजिस्ट्री भी अपने नाम करा ली। घर पर लोन की किस्त जमा करने का नोटिस पहुंचा तो दोनों भाइयों की इसकी जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर पीड़ितों ने एसपी ऑफिस में गुहार लगाई। एसपी अमित कुमार आनंद ने इंस्पेक्टर को जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
तीन अगस्त 2024 को आया था नोटिस
दोनों भाइयों ने बताया कि उन्हें अपने नाम निकाले लोन की जानकारी नहीं थी। तीन अगस्त 2024 को बैंक से नोटिस आया तो उन्हें जानकारी हुई। वहीं, दोबारा नोटिस आने पर दोनों भाई आरोपियों के पास गए। उनसे कहा कि उनके नाम बैंक से लोन कैसे निकल गया, जबकि वह तो बैंक गए ही नहीं। जिस पर उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
तहसील से रिकॉर्ड निकलवाने पर हुआ खुलासा
अक्षय ने तहसील में जाकर अपने व भाई का रिकॉर्ड निकलवाया तो उसे अपने हुई धोखाधड़ी का पता चला। पता चला कि उनमें एक आरोपी ने फर्जी कागजात तैयार कर कई-कई बार 50 प्लॉट खरीदे व बेचे। एक ही प्लॉट को कई-कई बार बेचा गया। दोनों भाइयों का आरोप है कि इस खेल में बैंक के अफसरों का भी हाथ हो सकता है।
- कुछ ग्राहकों की शिकायत मिली हैं कि उनके नाम पर फर्जीवाड़ा कर लोन निकाल लिया गया है। जिसकी जांच की जा रही है, हालांकि यह मामला उनसे पहले का है।
- शाखा प्रबंधक, पंजाब नेशनल शाखा चौपला