अमरोहा। ड्रोन की अफवाह के बीच चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक घूम रहे अंतरजनपदीय गिरोह के चार बदमाशों को रजबपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नकदी व तमंचा-कारतूस बरामद की है। चारों आरोपियों के खिलाफ मुरादाबाद मंडल के अलग-अलग थानों में 20-20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
एसपी अमित कुमार आनंद ने शुक्रवार को पुलिस ऑफिस में खुलासा करते हुए बताया कि पिछले दिनों रजबपुर क्षेत्र के बागड़पुर गांव में चोरी की घटना हुई थी। तभी से पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को तलाश कर रही थी। शुक्रवार को रजबपुर पुलिस को शकरपुर अंडरपास के नीचे संदिग्ध लोगों के खड़े होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस संग एसओजी व सर्विलांस को भी लगाया गया। तीनों टीमों ने घेराबंदी कर चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में उनके कब्जे से करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 1.4 लाख की नकदी बरामद हुई। पूछताछ मे आरोपियों ने अपना मुरादाबाद के भोजपुर थानाक्षेत्र के गुआनगला निवासी तसलीम उर्फ डब्लू, बिलारी के राजा का सहसपुर निवासी सज्जाद, संभल के असमोली थानाक्षेत्र के महमूद नगर निवासी वकील और पाकबड़ा के माली वाली बगिया गुरैठा रोड निवासी मुजाहिद उर्फ आडवानी बताया।
आरोपियों ने बागड़पुर गांव में हुई चोरी की घटना को अंजाम देना कबूल किया। बताया कि सभी आरोपी कई बार डकैती, लूट, चोरी के मुकदमे में जेल जा चुके हैं।