गजरौला में इंदिरा चौक पर मिठाई की दुकान में सील लगाते पालिकाकर्मी।
- फोटो : GAJRAULA
अमरोहा। कोरोना संक्रमण जिले में बेकाबू होता जा रहा है। संक्रमितों की मौत का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को भी शिक्षक और निजी चैनल के पत्रकार समेत चार लोगों की मौत हो गई। जबकि चार स्वास्थ्य कर्मचारियों समेत 140 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिले में अब 1514 एक्टिव केस हो गए हैं। वहीं 56 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। ग्यारह दिन में 32 मौतों से हड़कंप मचा है। इसके लिए महामारी से बचने के लिए सभी लोग मास्क लगाएं और सामाजिक दूरी का पालन करें।
सीएमओ सौभाग्य प्रकाश ने बताया कि शुक्रवार को आरटीपीसीआर सैंपलों की जांच रिपोर्ट नहीं आई थी। जबकि ट्रूनेट और एंटीजन से 697 लोगों की जांच कराई गई है। जिसमें 99 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि प्राइवेट जांच में 41 लोग संक्रमित मिले हैं। तीनों जांचों में अमरोहा नगर के 53, गजरौला में 18, हसनपुर में 46, धनौरा में 06 और जोया में 17 लोग पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमितों में किसान-मजदूर, बारबर, आशा वर्कर, पुलिस, स्वास्थ्य और फैक्टरी कर्मचारी शामिल हैं।
वहीं कोरोना संक्रमित चार लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में अमरोहा नगर के मोहल्ला शाही चबूतरा निवासी निजी चैनल के 35 वर्षीय पत्रकार की नजीबाबाद में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अगर अमरोहा में प्रशासन संजीदगी दिखाता और वेंटीलेटर उपलब्ध करा देता तो शायद वह बच सकते थे। इसके अलावा मोहल्ला चौक निवासी 45 वर्षीय, मोहल्ला गश्तियान निवासी 40 वर्षीय अधेड़ और एक इंटर कालेज के 50 वर्षीय शिक्षक की मौत हो गई। उधर जिले में अब तक 351412 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसमें 347487 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। इसमें 341204 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक कुल 87 लोगों की मौत हो चुुकी है। जिले में कुल 1514 मरीज सक्रिय चल रहे हैं।