अमरोहा। पंचायत उपचुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया हुई। जिसमें किसी भी प्रत्याशी से नाम वापस नहीं लिया। इसके साथ ही हादीपुर कलां ग्राम पंचायत में चार प्रत्याशी मैदान में हैं। जबकि, बीडीसी और सदस्य पद के लिए एक-एक नामांकन होने के चलते उनका निर्विरोध निवाचन तय हो गया है। 19 फरवरी को मतदान होना है और 21 फरवरी को संबधित ब्लाॅक मुख्यालयों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना होगी।
पंचायतों के रिक्त पदों के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया चल रही है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत और नगरीय निकाय कल्लू सिंह के अनुसार जिले में प्रधान पद के लिए अमरोहा ब्लाॅक के गांव हादीपुर कला, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए जोया ब्लॉक के शेखुपुर माफी के वार्ड संख्या 154, गजरौला के नंगला माफी के वार्ड संख्या 88 व धनौरा के ततारपुर गर्वी एवं वसी मुस्तकम के वार्ड संख्या 61 में चुनाव की प्रक्रिया होनी है। इसके अलावा अमरोहा ब्लॉक के 16, गंगेश्वरी ब्लॉक के दो, गजरौला ब्लॉक के एक व जोया ब्लॉक के छह वार्डों में पंचायत सदस्यों का उपचुनाव होना है। शनिवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है। अब हादीपुर कला में प्रधान पद के लिए हुए चार प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें नरेंद्र चौहान, पूजा शर्मा, चंद्रवती और ज्योति शामिल है।