डिडौली। कस्बे में नाला निर्माण को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान कुछ युवकों ने समाजवादी पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष के बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित पक्ष ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना डिडौली कस्बे के मोहल्ला चौकीदारान की है। यहां नगर पंचायत की ओर से सड़क और नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। बताया गया कि मकानों के सामने नाला पीछे हटाकर बनाने को लेकर पूर्व सपा नगर अध्यक्ष जमशेद अली के बेटे नईम अहमद की कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने नईम अहमद पर हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार से नईम के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल नईम को परिजन तुरंत कस्बे के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। पीड़ित के भाई ने चार लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।