हसनपुर। क्षेत्र के ग्राम मकनपुर सरकी में स्थित भूमि पर अवैध अतिक्रमण और प्रशासनिक मिलीभगत का आरोप लगाते हुए यूएस फूड्स गजरौला के सीएमडी और गांव शकरगढ़ी निवासी उमर चौधरी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में उमर चौधरी ने आरोप लगाया कि यह विवादित भूमि का मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है और इस संबंध में पूर्व में एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है। इसके बावजूद, अमरोहा के पूर्व डीएम अपने रसूख का इस्तेमाल कर रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को प्रभाव में लेकर भूमि पर जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि पैमाइश के नाम पर हाईवे से सटी कीमती जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही है। विरोध करने और वीडियो बनाने पर उमर चौधरी के फार्म पर रहने वाले कर्मचारियों को डराया-धमकाया गया और उनके मोबाइल भी छीन लिए गए हैं। उमर चौधरी ने इसे सीधे तौर पर न्यायालय की अवमानना और सत्ता का दुरुपयोग बताते हुए मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस अवैध कार्रवाई को तुरंत रुकवाया जाए और कोर्ट के आदेश का पालन कराते हुए उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। एसडीएम हसनपुर हिमांशु उपाध्याय का कहना है मामला उनके संज्ञान में नहीं है।