रामपुर। स्कूटी सवार पूर्व सभासद को दो युवकों ने रोककर धमकाया और मारपीट की। उनकी तहरीर पर पुलिस ने दो भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है।
पूर्व सभासद तनवीर अहमद के अनुसार वह बुधवार की सुबह स्कूटी से अपने एक परिचित से मिलने के लिए फूटा महल मोहल्ले में गए थे। वापस लौटते वक्त उनकी स्कूटी को बाइक सवारों ने टक्कर मार दी और उन्हें रोक लिया। आरोप है कि उक्त दोनों युवकों ने उन्हें धमकाया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान शोर मचाने पर लोग आ गए। लोगों को आता देख आरोपी दोनों युवक मौके से फरार हो गए। बाद में घटना की तहरीर शहर कोतवाली पुलिस में दी है।
पुलिस ने इस मामले में दो भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शहर कोतवाल प्रदीप मलिक के अनुसार आरोपियों की मां शहर के एक स्कूल में शिक्षिका है। इसी स्कूल की कमेटी में पूर्व सभासद सदस्य भी है। बताते हैं कि स्कूल का फंड निकालने को लेकर पहले से विवाद चल रहा है।
इसी विवाद के चलते यह घटना हुई है। बताया कि इस मामले में कटकुइया निवासी ओसामा व उसके भाई के खिलाफ शहर कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।