गजरौला। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारकर मिलावटी सोन पापड़ी की फैक्टरी पकड़ी। मौके से 400-400 ग्राम के करीब 3500 डिब्बे जब्त किए। इनमें सोन पापड़ी भरी थी। विभाग के मुताबिक करीब एक लाख पांच हजार रुपये की मिठाई और कच्चा माल जब्त किया है। सोन पपड़ी, रिफाइंड तेल, मैदा समेत चार नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। सोन पपड़ी दिवाली पर खपाने के लिए बनाई जा रही थी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार शाम गजरौला के मोहल्ला जलाल नगर में स्थित एक सोन पापड़ी फैक्टरी पर छापा मारा। यहां से भारी मात्रा में मिलावटी सोन पापड़ी बरामद की। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल ने बताया कि जांच पड़ताल में सामने आया फैक्टरी बिना लाइसेंस चल रही थी। उसका पंजीकरण नहीं था। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों एवं नियमों का उल्लंघन कर सोन पापड़ी बनाई जा रही थी।
फैक्टरी में काजू और पिस्ता के स्थान पर रंगीन मूंगफली का इस्तेमाल किया जा रहा था। पैकेट पर खाद्य तेल से निर्मित होने का दावा किया गया था लेकिन वास्तव में रिफाइंड तेल सही का नाम घोषित नहीं किया गया था। टीम ने मौके से 400-400 ग्राम के करीब 3500 डिब्बे सोन पापड़ी के जब्त किए। विभाग ने सोन पपड़ी, रिफाइंड तेल, मैदा समेत चार नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
सहायक आयुक्त ने बताया कि सोन पापड़ी दीपावली पर खपाने के लिए बनाई जा रही थी। मौके से बरामद सोनपापड़ी के डिब्बों पर बीकानेरी लिखा हुआ और पता नजीबाबाद बिजनौर लिखा हुआ है। सोन पापड़ी को मौके पर जब्त कर सील किया गया है।