अमरोहा। जिले के पांच बिजलीघरों का सफल स्टोरी अभियान में चयन किया गया है। पांचों को आदर्श उपकेंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें कलक्ट्रेट का बिजलीघर भी शामिल है। अभियान के तहत खराब मीटरों का प्रतिस्थापन, शत प्रतिशत स्मार्ट मीटर लगवाने, राजस्व वसूली में सुधार, खराब केबलों को बदलने और गलत बिलों को ठीक करने जैसे कार्य कराए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों ने इसके लिए कार्य योजना तैयार कर ली है।
पश्चिमांचल ने शतप्रतिशत निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए कलक्ट्रेट, डबल नाइन, हसनपुर टाउन, बछरायू टाउन और धनौरा टाउन को सफल स्टोरी में शामिल किया है। इन उपकेंद्रों पर 53 हजार उपभोक्ता जुड़े हैं। एटीएंडसी लास को कम करने के लिए सभी उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे जिनके मीटर खराब हैं, उन्हें बदला जाएगा।
इसके अलावा राजस्व वसूली को शतप्रतिशत करने, नए कनेक्शन तुरंत देने और लाइन लास को कम करने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों के घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए नए केबल भी डाले जाएंगे। इस योजना के सफल होने पर संबंधित एसडीओ को सम्मानित किया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता संजय शर्मा ने बताया कि लाइनलास व बकाया राजस्व को मिलाकर एग्रीगेट टेक्निकल एंड कामर्शियल लास का नाम दिया गया है। उदाहरण के तौर पर विभाग ने 200 यूनिट बिजली खरीदी। इसमें से 60 प्रतिशत लाइनलास यानि चोरी में चली गई। विभाग ने बाकी 140 यूनिट का बिजली बिल बनाया लेकिन इसमें से भी उपभोक्ताओं ने 100 यूनिट का बिल जमा किया।जिससे 40 यूनिट का बिल बकाया रह गया। इससे बकाया राजस्व व लाइनलास को मिलाकर विभाग को 100 प्रतिशत एग्रीगेट टेक्निकल एंड कामर्शियल लास हुआ। इसी एटीएंडसी को खत्म करने के लिए पांचों उपकेंद्रों का चयन किया गया है।
- कलक्ट्रेट समेत पांच उपकेंद्रों का सफल स्टोरी अभियान में चयन किया गया है। जिसमें अमूलचूल यानि स्थाई परिवर्तन कर उपकेंद्रों को आदर्श उपकेंद्र बनाया जाएगा। जिससे उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति मिलेगी। -संजय शर्मा, प्रभारी अधीक्षण अभियंता