अमरोहा। बगैर नक्शा पास कराए गए निर्माण पर मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई है। संभल तिराहे पर पांच कांप्लेक्स को सील कर दिया गया है। इस मार्केट में लगभग सौ दुकानों का निर्माण कराया गया है। नियत प्राधिकारी कार्यालय से पहले नोटिस भी जारी हो चुका है लेकिन जवाब नहीं दिए। कार्रवाई से हड़कंप मचा है। इन भवन के स्वामियों ने नक्शे की स्वीकृति नहीं तैयार कराई थी। इससे कुछ दिन पहले भाजपा कार्यालय के सामने कामर्शियल कॉम्पलेक्स भी सील हो चुका है।
शहर, जोया और विनियमित क्षेत्र में किसी तरह का निर्माण कराने पर नक्शे की स्वीकृति जरूरी है। इसके लिए तहसील स्थित नियत प्राधिकारी कार्यालय में नक्शे को स्वीकृत कराना होता है। संभल तिराहे के पास पांच कांप्लेक्सों का निर्माण हो रहा है, लेकिन इनके स्वामियों ने नक्शे पास नहीं कराए हैं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम शशांक चौधरी ने मंगलवार को कार्रवाई के निर्देेश दिए। नायब तहसीलदार दीपक कुमार और अवर अभियंता श्याम बाबू वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने कांप्लेक्स के मालिकों से कागजात तलब किए लेकिन कोई रिकार्ड प्रस्तुत नहीं कर सके। कुछ देर के बाद डिडौली पुलिस भी आ गई। नायब तहसीलदार दीपक कुमार ने पांचों कांप्लेक्स को सील कराया। दरअसल इन लोगों को पहले भी नोटिस जारी किया जा चुका है लेकिन कोई जवाब दाखिल नहीं किए।