पेट के कीड़े मारने की दवा खाकर पांच स्कूली छात्राओं की हालत बिगड़ गई। छात्राओं की हालत देखकर स्कूल में खलबली मच गई। आनन-फानन में वहां तैनात शिक्षक उनको लेकर धनौरा के सरकारी अस्पताल लाएं। अस्पताल में उपचार के बाद उनकी हालत ठीक बताई गई है। सूचना मिलने पर अभिभावक भी स्कूल व अस्पताल पहुच गए थे।
क्षेत्र के गांव मूंढाखादर के प्राइमरी स्कूल में शुक्रवार को बच्चों को कीड़े मारने की दवा खिलाई गई थी। दवा खाते ही गांव की छात्रा शबनूर, साजिया व सना समेत दो अन्य की हालत बिगड़ने लगी। चक्कर आने के साथ उनको बेहोशी छाने लगी। घबराहट के कारण वह परेशान थी। छात्राओं की बिगड़ी हालत देख कर शिक्षक के हाथ पांव-फूल गए। उन्होंने तत्काल खंड शिक्षा अधिकारी समेत अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। जानकारी होने पर अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए। एक अभिभावक ने अपनी बच्ची का इलाज निजी चिकित्सक के यहां कराया, जबकि शेष को धनौरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया।