गजरौला(अमरोहा)। देहरादून की युवती से कोर्ट मैरिज करने के बाद युवक ने एक युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया और दूसरी शादी कर ली। इसकी भनक लगते ही पहली पत्नी युवक के घर पहुंच गई और दूसरी पत्नी को देख हंगामा किया। मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। लोगों को युवक के दो युवतियों के साथ कोर्ट मैरिज की जानकारी हुई।
नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक का देहरादून की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसके साथ उसने कोर्ट मैरिज कर ली। वह देहरादून में रहती थी। कभी कभार गजरौला में आती थी। उससे छिपाकर युवक ने एक अन्य युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया। उसके साथ भी प्रेम विवाह कर लिया। उधर युवक के परिजनों को यह पता नहीं था कि उनके बेटे की देहरादून की युवती के साथ शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि युवक ने काफी समय से देहरादून में रहने वाली पत्नी से बात करना छोड़ दिया था। उसका फोन भी नहीं उठाता था। शक होने पर युवक की पहली पत्नी शनिवार को देहरादून से गजरौला आ गई। यहां पति को दूसरी महिला के साथ देख उसने हंगामा करते हुए पुलिस बुला ली। आस पास के लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले जाने लगी। युवक के परिजन मामला रफा दफा कराने के प्रयास में जुट गए। देहरादून की युवती ने एक लाख रुपये की मांग रखी। बाद में 35 हजार रुपये में मामला रफा दफा हुआ। सीओ का कहना है कि मामला जानकारी में है। युवती ने कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं दी। यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।