गांव ओसामाफी में पड़ोसी ने सात वर्षीय बालक को सब्जी के भगोने में धक्का दे दिया, जिससे वह झुलस गया। आरोपी ने बच्चे का इलाज कराने का वादा किया था, लेकिन अब वह मुकर गया। परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
हसनपुर क्षेत्र के गांव ओसामाफी गांव निवासी राजेंद्र महनत मजदूरी करते है। राजेंद्र ने बताया कि दिवाली से दस दिन पहले गांव में ही पड़ोसी का लिंटर डाला जा रहा था। पड़ोसी ने मजदूरों की दावत के लिए जबरन राजेंद्र के घर के आंगन में सब्जी बनाने के लिए बड़ा भगोना रख दिया था। उस समय उसके परिवार के लोग बाहर गए थे। घर पर दरवाजा भी नहीं था।
इसी बीच राजेंद्र का सात वर्षीय बेटा आयुष अपने घर पहुंचा तो आरोपी ने नशे की हालत में आयुष को सब्जी के भगोने में धकेल दिया था। जिससे वह झुलस गया था। उस समय आरोपी ने इलाज का सारा खर्च उठाने का वादा किया था, लेकिन अब उपचार नहीं करा रहा है। जान से मारने की धमकी दी जा रही है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।