अमरोहा। रमजान का पाक महीना तीन अशरों में बंटा हुआ है, जिनमें हर अशरा विशेष रहमत और बरकतों के लिए जाना जाता है। इस समय रमजान का पहला अशरा चल रहा है, जो शुक्रवार की रात तक पूरा हो जाएगा। शुक्रवार को मुकद्दस रमजान के दूसरे जुमे की विशेष नमाज अदा की जाएगी। जामा मस्जिद समेत सभी मस्जिदों पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। बड़ी संख्या में लोग रोजा रखेंगे और अल्लाह की रजा पाने के लिए इबादत में जुटेंगे। धार्मिक माहौल साफ देखा जा सकता है, जहां बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे मस्जिदों में नमाज अदा कर रहे हैं। इस्लाम में जुमे का दिन विशेष महत्व रखता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अल्लाह ने इसी दिन हजरत आदम अलैहिस्सलाम को दुनिया में उतारा था। इसी दिन उन्हें दुनिया से उठा भी लिया था। रमजान में जुमे के दिन का महत्व दोगुना माना जाता है। जुमेरात का दिन भी अहमियत रखता है। बड़ी तादाद में बुजुर्ग और बीमार लोग इन दिनों का रोजा रखते हैं। संवाद