गजरौला(अमरोहा)। महिला को शादी करने का झांसा देकर युवक ने आठ महीने तक उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ दिनों पूर्व युवक पीड़िता को छोड़कर फरार हो गया। आरोपी ने फोन भी बंद कर लिया है। पीड़िता ने महिला थाना परिवार परामर्श केंद्र में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता के पति की काफी समय पहले सड़क हादसे में मौत हो गई। जिसके बाद उसकी बड़ी बहन ने आठ महीने पूर्व अपने गांव निवासी युवक से उसका परिचय कराया। रिश्तेदार और संबंधियों के सामने युवक ने महिला के साथ शादी करने की हामी भरी। जिसके बाद महिला बतौर पत्नी उस युवक के साथ रहने लगी। युवक पर आरोप है कि उसने उससे इस दौरान कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिन पहले युवक उसे छोड़ कर चला गया। उसने अपना फोन भी बंद कर लिया है। जिसके चलते उससे कोई संपर्क नहीं हो रहा है। पीड़िता के आरोप के मुताबिक युवक के एक युवती के साथ अवैध संबंध हैं। वह उसी के साथ शादी करने की फिराक में है। पीड़िता ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वह शुक्रवार को महिला थाना परिवार परामर्श केंद्र पहुंची। पुलिस को आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी पूनम पांडे का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।