अमरोहा के मोहल्ला सद्दो में रिटायर्ड संग्रह अमीन तनवीर अब्बास का तीन मंजिला मकान है। मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में अधिकांश सामान रखा रहता है। शनिवार रात परिवार के सदस्य पहली मंजिल पर बने कमरे में सोए थे। रात करीब 12 बजे तीसरे मंजिल पर बने कमरे में लगे बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगते ही परिवार के लोग बाहर आ गए। आग की ऊंची-ऊंची लपटों को देख मोहल्ले के लोग भी इकट्ठा हो गए। सूचना पर कोट चौकी की पुलिस भी पहुंच गई। लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सके।
आरोप है कि मोहल्ले के लोग काफी देर तक दमकल कर्मियों को फोन करते रहे, लेकिन टीम नहीं पहुंची। सुबह चार बजे के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद दमकल कर्मी वहां पहुंचे। तनवीर अब्बास ने बताया कि ऊपर के कमरे में सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन, लैपटॉप, दो कूलर, दो वाशिंग मशीन समेत कीमती कपड़े जल गए। पुलिस को तहरीर दे दी गई है।