जामा मस्जिद मोहल्ले में बुधवार देर रात मदरसा संचालक के घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। परिवार के लोगों ने घर से दौड़कर जान बचाई। नीचे के तल पर बने मेडिकल स्टोर व कंफेक्शनरी की दुकान में रखा सामान भी जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में लाखों का नुकसान बताया जा रहा है।
अमरोहा के जामा मस्जिद मोहल्ले में मदरसा संचालक मौलाना जियाउर्रहमान का परिवार रहता है। मदरसा संचालक, उनकी पत्नी व बच्चे दूसरी मंजिल पर रहते हैं। जबकि, घर के नीचे बनी दुकानों में उनका बेटा अब्दुल्ला मेडिकल स्टोर और दूसरी दुकान में दूसरा बेटा अबु बकर कंफेक्शनरी की दुकान चलाता है। बुधवार रात मौलाना जियाउर्रहमान व उनके परिवार के सदस्य घर में सोए थे। करीब एक बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरे घर को चपेट में ले लिया।
घर में अचानक गर्माहट होने पर मदरसा संचालक व उनके परिवार के सदस्यों की आंखों खुलीं तो होश उड़ गए। परिवार के सभी सदस्यों ने घर से बाहर निकालकर जान बचाई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग भी बाहर निकल आए। सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में करीब तीन घंटे का समय लगा। पुलिस ने भी जांच पड़ताल की। अग्निकांड में घर और दुकानों में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया।