जोया। घर में आग लगने से मजदूर से मजदूर के तीन बच्चे झुलस गए। तीनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आग में बाइक व अन्य घरेलू सामान भी जल गया। घटना में दो लाख रुपये का नुकसान होना बताया गया है।
यह घटना कोतवाली डिडौली क्षेत्र के गांव शेखूपुर माफी की है। यहां शाहनवाज हुसैन का परिवार रहता है। वह मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते हैं। शनिवार दोपहर बाद शाहनवाज और उसकी पत्नी सायरा खेतों में मजदूरी करने गए थे।
घर पर उनका बेटा गुलनाज उम्र 9 वर्ष, हसन उम्र 6 वर्ष व बेटी अनीसा उम्र 2 वर्ष थे। बताते हैं कि बच्चों ने कुछ खाने के लिए जैसे ही गैस का चूल्हा खाेला तो सिलिंडर ने आग पकड़ ली। माना जा रहा है कि सिलिंडर लीकेज था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। उनके दोनों बेटे अपनी मासूम बहन को तेजी से शोर मचाते हुए बाहर निकले। तीनों आग से बुरी तरह से झुलस गए।
आग को देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मगर आग विकराल रूप ले चुकी थी। इसके बाद भी दो युवकों ने हिम्मत करके सिलिंडर को बाहर निकाला और उसमें लगी आग पर काबू पाया। घर में लगी आग से घर में रखे 35 हजार रुपये की नगदी, बाइक, फर्नीचर व अन्य सामान पूरी तरह से जल गया। आग की सूचना पर दंपती भी मौके पर पहुंच गया।
झुलसे तीनों भाई-बहन को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना देने के बाद भी दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।