अमरोहा। दहेज में दस लाख रुपये के लिए ससुराल वालों ने गर्भवती विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मारपीट कर घर से निकाल दिया। विवाहिता ने इसकी शिकायत संबंधित पुलिस से की, तो कोई सुनवाई नहीं हुई। अब एसपी के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती की शादी 24 अप्रैल 2018 को मोहल्ला शफातपोता निवासी शामिन के साथ हुई थी। आरोप के मुताबिक शादी के बाद से ही ससुराल वाले विवाहिता को दहेज के लिए ताने देने लगे। विरोध करने पर मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। दहेज में 10 लाख रुपये की डिमांड करते थे। वर्तमान में विवाहिता पांच महीने की गर्भवती है, आरोप है कि 15 अप्रैल 2021 की दोपहर विवाहिता की मां उनके घर पर आई हुई थी। तभी ससुराल वालों ने दहेज के रुपये की डिमांड रखी। विरोध करने पर पति ने विवाहिता को बाल पकड़ कर नीचे गिरा दिया और देवर ने उसकी बेइज्जती करने के उद्देश्य से कपड़े फाड़ दिए। पति ने तीन तलाक देने की धमकी दी और विवाहिता को घर से निकाल दिया। मामले में पीड़िता ने नगर कोतवाली पुलिस से शिकायत की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाज पीड़िता ने एसपी सुनीति को पत्र देकर इंसाफ की गुहार लगाई। उनके निर्देश पर पुलिस महिला थाना पुलिस ने पति शामिन, ससुर अजीम, सास शकीला, देवर इफ्राहिम, चचेरा ससुर मोहम्मद ताजीम और कदीम के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व छेड़छाड़ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। इंस्पेक्टर पूनम आनंद में बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।