अमरोहा। खेत में चारा लेने गई युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन दोस्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। युवती के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। जबकि दूसरे ने वीडियो बनाई और तीसरे दोस्त ने घटनाक्रम की निगरानी की थी। पुलिस पीड़िता के बयान न्यायालय में दर्ज कराएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास चल रहे थे।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान के बेटी शनिवार की सुबह खेत पर चारा लेने के लिए गई थी। तभी गांव के तीन युवकों ने उसे पकड़ लिया था। खींच कर गन्ने के खेत में ले गए और एक युवक ने दुष्कर्म किया था। इस दौरान एक आरोपी ने अश्लील वीडियो बनाई। जबकि एक निगरानी कर रहा था। तभी रास्ते से गुजर रही एक महिला गन्ने के खेत में आहट होने पर मौके पर पहुंच गई। महिला को देख कर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बारे में किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। आरोपी इस दौरान युवती के कपड़े तक लेकर फरार हो गए थे। तीनों आरोपी दोस्त हैं। घटना के बाद पीड़िता परिजनों के साथ डिडौली कोतवाली पहुंची और तहरीर दी।
उधर, पुलिस की प्राथमिक जांच में घटनाक्रम शिकायत से कतई बदला हुआ है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि तीनों युवकों ने युवती को किसी युवक के साथ संदिग्ध हालत में पकड़ लिया था। तभी आरोपी युवकों ने उसकी वीडियो बना ली थी। इसका बदला लेने के लिए एफआईआर दर्ज करा दी है। फिलहाल गांव में दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास चल रहे हैं। सीओ सतीश पांडेय ने बताया कि घटना में गांव के ही बब्बल उर्फ, सोमपाल और कपिल के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़िता के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।