अमरोहा। बिना लेआउट पास कराए अवैध प्लाटिंग करने के मामले में विनियमित जेई ने तीन सगे भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इससे पहले आरोपियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। बावजूद इसके वह विभागीय दफ्तर में उपस्थित नहीं हुए थे। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह मामला अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कुरैशी नई बस्ती का है। यहां पर विन्यास मानचित्र लेआउट प्लान स्वीकृत कराए बिना विकास कार्यक्रम में भूखंडों और सड़कों की निशानबंदी कार्य करा लिया गया है। शिकायत के आधार पर 18 नवंबर को नायब तहसीलदार दीपक कुमार और विनियमित क्षेत्र जेई श्याम बाबू अवैध प्लाटिंग के कार्य को रुकवाया था। इस दौरान आरोपियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बावजूद इसके आरोपी ने कोई जवाब नहीं दिया। विभागीय कार्यालय में उपस्थित भी नहीं हुए थे। रोके गए अवैध निर्माण को फिर से शुरू कर दिया था। विनियमित क्षेत्र के जेई ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर खिसाल खां, निहाल खान और आदिल खान निवासी मोहल्ला अफागान के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द की गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।