नौगावां सादात। सोशल मीडिया पर एआई से एडिट कर किशोरी की आपत्तिजनक फोटो वायरल करने के विरोध में दो नाबालिग भाइयों पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी गई है।
मामला थानाक्षेत्र के एक गांव का है। कुछ दिन पहले गांव निवासी किसान की 14 वर्षीय बेटी की एआई से एडिट की गई आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस मामले में गांव के ही एक युवक का नाम सामने आया था। जानकारी मिलने पर किशोरी का 15 वर्षीय भाई अपने 16 वर्षीय चचेरे भाई के साथ आरोपी युवक के घर शिकायत करने गए थे। उस समय मामला शांत हो गया था लेकिन बीती 11 मई की शाम दोनों नाबालिग भाई खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान फोटो वायरल करने की शिकायत से नाराज युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों को रास्ते में घेर लिया। आरोपियों ने दोनों किशोरों की बेरहमी से पिटाई की और धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया था कि स्थानीय पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनके साथ मारपीट की और थाने ले जाकर कई घंटे तक हवालात में बंद रखा। साथ ही मेडिकल कराने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। मामले में पुलिस अधीक्षक स्तर से जांच सीओ को सौंपी गई थी। सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि पीड़िता के चाचा की तहरीर पर आरोपी दीपक, प्रिंस, रामकुमार, संजीव, राजेंद्र और परम सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।