अमरोहा। कचहरी परिसर के बाहर दहेज मुकदमे की तारीख पर आए पक्षों के बीच विवाद में मारपीट हो गई। पीड़िता और उसकी मां ने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष ने उनके साथ मारपीट की, मोबाइल फोन तोड़कर साथ ले गया और जान से मारने की धमकी दी।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के असगरीपुर निवासी असजद अली की पत्नी मुरसेलीन ने बताया कि उनकी बेटी अजरा रानी की शादी जोया निवासी शाने आलम के साथ हुई थी। दहेज उत्पीड़न का मुकदमा अमरोहा कचहरी में विचाराधीन है। नौ अप्रैल को मुकदमे की तारीख पर मुरसेलीन अपनी बेटी के साथ कचहरी आई थीं।
आरोप है कि तारीख के बाद जैसे ही दोनों मां-बेटी कचहरी के बाहर निकलीं, तभी शाने आलम ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगा। इन्कार करने पर आरोपी ने दोनों के साथ मारपीट की। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद