रजबपुर (अमरोहा)। किसान की हत्या में शामिल नामजद पांचवें आरोपी विकास को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने किसान के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस फोर्स तैनात रखी गई है।
बावनपुरा माफी गांव में नत्थू सिंह और बलवीर के परिवार के बच्चे घर के बाहर खेलते समय झगड़ा हो गया था। बच्चों ने झगड़े की बात घर जाकर परिजनों को बताई। इसके बाद में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हालांकि, गांव के लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया था लेकिन शाम के समय बलवीर सिंह ने अपने बेटे रवि, लक्ष्मण, राहुल और भटपुरा माफी गांव निवासी रिश्तेदार विकास के साथ मिलकर नाथू सिंह के बेटे जयप्रकाश, रामपाल सिंह, सोमपाल व धर्मेंद्र पर हमला कर दिया।
चारों भाइयों को धारदार हथियार और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया था। घटना में जयप्रकाश सिंह, रामपाल सिंह, सोमपाल और धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों के सिर में गंभीर चोट आई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से गंभीर हालत में रामपाल सिंह को मेरठ हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया लेकिन जिला अस्पताल से मेरठ जाते समय रामपाल सिंह की मौत हो गई थी। हमले में घायल धर्मेंद्र की हालत में कुछ सुधार है।
- सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस फोर्स तैनात
जयप्रकाश सिंह की तहरीर पर आरोपी रवि, श्रवण, राहुल, बलवीर और विकास के खिलाफ हत्या की कोशिश व हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने बलवीर, रवि, श्रवण व राहुल को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को पांचवें आरोपी विकास को भी गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस की मौजूदगी में बुधवार की रात शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल गांव में माहौल शांतिपूर्ण है। उधर, सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस फोर्स तैनात रखी गई है।