वहीं, पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया है। यह घटना अमरोहा नगर के मोहल्ला झंडा शहीद में हुई। मंगलवार की रात करीब नौ बजे मोहल्ला चाहगौरी निवासी फरीद हसन का बेटा अनस हसन पड़ोस में रहने वाले काशिफ रऊफ, शमून, फैज सिद्दीकी के साथ मस्जिद झंडा शहीद में तरावीह की नमाज पढ़ने गया था।
नमाज पढ़ते समय कुछ लोग नमाजियों के पीछे मोबाइल चला रहे थे। नमाजियों ने मोबाइल चलाने का विरोध किया तो गाली गलौज करने लगे। लिहाजा कहासुनी हो गई। नमाज खत्म होने के बाद जैसे ही अनस हसन, काशिफ रऊफ, फैज सिद्दीकी और शमून मस्जिद से बाहर निकले तभी, खुर्शीद, सालिम, आमिर, अरबाज, अबान ने 20-25 लोगों के साथ मिलकर पथराव शुरू कर दिया।
एक दूसरे पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। पथराव में अनस हसन, काशिफ रऊफ गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी ने पथराव का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दोनों पक्ष अलग-अलग बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं, इसलिए माहौल और ज्यादा गरमा गया। झगड़ा होने की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर पंकज तोमर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और बवाल कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की।
बावजूद इसके दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे पर पथराव करते रहे। घटना से मोहल्ले में भगदड़ मच गई। दहशत में लोग घरों में बंद हो गए। बिगड़ते माहौल को संभालने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुलाना पड़ा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बवालियों को खदेड़ दिया। इस दौरान पुलिस ने बिना देर किए खुर्शीद, सालिम, अबान, काशिफ, अनस को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में घायल अनस हसन के पिता फरीद हसन की तहरीर पर खुर्शीद, सालिम, आमिर, अरबाज, अबान और उनके 20-25 साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया है। आरोपियों में एक पक्ष पठान और दूरी मुस्लिम कुम्हार बिरादरी का है।