डिडौली (अमरोहा)। मंगेतर का दूसरी युवती से रिश्ता तय होने की जानकारी मिलने पर युवती थाने पहुंच गई। उसने पुलिस को तहरीर देकर रिश्ता रुकवाने की मांग की और मंगेतर से ही निकाह करने की बात पर अड़ गई। करीब 36 घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। आखिरकार दोनों परिवारों की सहमति से युवक-युवती का निकाह करा दिया गया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने करीब पांच वर्ष पहले अपने चचेरे भाई का रिश्ता अपनी तहेरी बहन से तय किया था। युवती नोएडा के एक बैंक में मैनेजर है, जबकि युवक असम के गुवाहाटी में इंजीनियर है। तीन दिन पहले युवती को जानकारी मिली कि उसका मंगेतर क्षेत्र के ही एक गांव में दूसरी युवती की गोदभराई की रस्म में शामिल होने जा रहा है। वह तत्काल गांव पहुंच गई और विरोध करते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी ली।
इसके बाद मंगलवार को युवती डिडौली थाने पहुंची और मंगेतर का रिश्ता रुकवाने के लिए तहरीर दी। बुधवार को वह दोबारा थाने पहुंची और युवक से ही निकाह करने की बात पर अड़ गई। पुलिस ने युवक को भी थाने बुला लिया। दोनों पक्षों के परिजनों की मौजूदगी में काफी देर तक बातचीत हुई। युवती अपनी बात पर कायम रही तो युवक भी दूसरी से विवाह पर अड़ा रहा।
बुधवार देर शाम तक चली बातचीत के बाद दोनों परिवारों में सहमति बन गई और युवक-युवती का निकाह कराने का फैसला लिया गया। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की सहमति से दोनों का निकाह करा दिया गया है।