डिडौली। पूरनपुर गांव में बुखार का प्रकोप बढ़ने से एक दर्जन से अधिक लोग बीमार हैं। रविवार को हालत बिगड़ने पर एक युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया। ग्राम प्रशासक ने स्वास्थ्य विभाग से शिविर लगवाने की मांग की है।
गांव निवासी जसवीर सिंह का बेटा सौरभ कुमार एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। रविवार को तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने एंबुलेंस बुलाकर उसे जोया सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्राम प्रशासक सतवीर सिंह की पत्नी बबीता देवी के अलावा ललिता देवी, उमरपाल, होराम सिंह, सरदार सिंह, बृजेश कुमार, महेंद्र सिंह, मोहनलाल, श्रीराम सिंह, ओमहरि सिंह, बब्लू और कृपाल सिंह भी बुखार की चपेट में हैं। ग्राम प्रशासक ने गांव में शिविर लगाकर जांच और उपचार कराने की मांग की है। सीएमओ डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि जोया सीएचसी प्रभारी से जानकारी कराकर शिविर लगवाया जाएगा।
...
बुखार और टाइफाइड लोगों का पीछा नहीं छोड़ रहा
अमरोहा। बुखार और टाइफाइड लोगों का पीछा नहीं छोड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों ओर बुजुर्गों को हो रही है। खांसी और जुकाम भी एक सप्ताह तक परेशान कर रहा है। चिकित्सकों की सलाह है कि ऐसे मौसम में खासतौर से बच्चों और बुजुर्गों का बचाव रखें। सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें। बुखार आने पर किसी प्रकार की लापरवाही न करें। तुंरत अस्पताल में जांच कराएं और उपचार कराएं। जिला अस्पताल में हर रोज बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं।
...