हसनपुर(अमरोहा)। भ्रूण लिंग परीक्षण के मामले में तीन दिन बाद महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पंद्रह हजार रुपये बरामद किए गए हैं। सामने आया है कि भ्रूण लिंग परीक्षण के लिए 35 हजार रुपये में हरियाणा की महिला से सौदा हुआ था।
शनिवार को नगर के मोहल्ला कालाशहीद पर एक मकान में हरियाणा की एक महिला का भ्रूण लिंग परीक्षण करने की सूचना पर हरियाणा की पीसीपीएनडीटी टीम एवं क्राइम ब्रांच की टीम ने छापा मारा था। बताया गया था कि मौके से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन को एक युवक लेकर फरार हो गया था। लेकिन मौके से एक महिला को पकड़ा गया था। जानकारी मिलने पर अमरोहा पीसीपीएनडीटी टीम के प्रभारी डाॅ. मयंक शर्मा तथा एसीएमओ नोडल प्रभारी डाॅ. शरद भी मौके पर पहुंच गए थे।
बताते हैं कि हरियाणा की महिला से 35 हजार रुपये में भ्रूण लिंग परीक्षण करने का सौंदा हुआ था। रकम दे दी गई थी। कोतवाली के अपराध निरीक्षक जितेंद्र बालियान का कहना है सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉक्टर ध्रुवेंद्र सिंह की तहरीर पर धारा 3,4,5,6,18,23 पीसीपीएनडीटी एक्ट, धारा 420 व 120 बी आईपीसी, 34 एनएमसी एक्ट के तहत नितिन व बबीता निवासी अल्लीपुर व इनके साथी रवि, नवीन कुमार व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मौके से पंद्रह हजार रुपये बरामद किए गए।