अमरोहा। जिले में किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने और खरीद प्रक्रिया आसान बनाने के लिए फार्मर फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल एप से बुकिंग की व्यवस्था की गई है। डीएम डॉ. नितिन गौड़ ने किसानों से एप के माध्यम से बुकिंग कर उर्वरक लेने की अपील की है।
एप पर बुकिंग के बाद किसान यूरिया, डीएपी, एनपीके, एमओपी, एसएसपी, जिंक सल्फेट, बोरोन समेत अन्य उर्वरक ले सकेंगे। एप पर क्षेत्र में उपलब्ध उर्वरक और नजदीकी विक्रेता की जानकारी भी मिलेगी। फार्मर आईडी होने पर ओटीपी से बुकिंग होगी। आईडी नहीं होने पर भूमि और फसल का विवरण दर्ज करना होगा। इसके बाद उर्वरक की मात्रा और विक्रेता चुनने पर क्यूआर कोड या टोकन जनरेट होगा, जिसे देकर अगले दिन उर्वरक लिया जा सकेगा।
डीएम ने बताया कि मोबाइल फोन नहीं रखने वाले किसान नजदीकी उर्वरक केंद्र या जनसुविधा केंद्र से भी बुकिंग करा सकते हैं। उन्होंने किसानों से पारदर्शी व्यवस्था में सहयोग की अपील की।