डिडौली। कोतवाली क्षेत्र के एक कस्बा निवासी तीन बच्चों का पिता अपनी पत्नी की ममेरी बहन के साथ फरार हो गया। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक युवक ने करीब 14 वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था, जिससे उसके तीन बच्चे भी हैं। परिजनों का आरोप है कि पिछले लगभग दो वर्षों से युवक का अपनी ममेरी साली के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। इसी बात को लेकर घर में लगातार विवाद होता था। पत्नी का आरोप है कि युवक उसके साथ मारपीट और दहेज की मांग भी करता है। इस संबंध में पहले भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
वहीं, युवती के पिता ने भी अपनी बेटी के लापता होने पर युवक के खिलाफ बहलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मंगलवार देर शाम दोनों को जोया क्षेत्र से हिरासत में लेकर थाने ले आई। पूछताछ के दौरान युवक ने दावा किया कि उसने साली के साथ कोर्ट मैरिज कर ली है। वहीं युवती भी युवक के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। काफी देर तक समझाने के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए। वहीं युवती को उसके परिवार वाले अपने साथ ले गए। पुलिस के अनुसार पूरे मामले की जांच कर रही है। संवाद