अमरोहा। किसानों के दिल्ली के आंदोलन में शामिल होने के लिए जिले से किसान संगठन भी भागीदारी करेंगे। इस दिन 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों को संबोधित करेंगे। वह कृषि कानूनों के बारे में बताएंगे। इस बीच भाकियू के विभिन्न संगठनों ने दिल्ली जाने का एलान किया है। भाकियू भानु के किसान दिल्ली में अधिक संख्या में जाएंगे। किसानों ने कृषि कानूनों को रद्द करने के लिए हर संभव कोशिश में जुटे हैं।
भाकियू असली के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में 14 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, लेकिन किसान संगठन कार्यक्रम का विरोध करेंगे। साथ ही किसानों को कृषि कानूनों की कमियां बताएंगे। वहीं, भाकियू भानू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह ने बताया, 25 दिसंबर को दिल्ली चिल्ला बार्डर के लिए कूच करेंगे। भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी उमेद सिंह ने कहा, स्थानीय स्तर पर कोई कार्यक्रम नहीं है। किसान दिल्ली के लिए कूच करेंगे। वहां पर शहीदी दिवस मनाया जा रहा है जिसमें अधिक संख्या में हिस्सा लेंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप सिंह ने बताया दिल्ली जाने वाले किसानों को रोका जाएगा। उनको दिल्ली नहीं जाने दिया जाएगा। उनको समझाएंगे नहीं मानें तो उन्हें हर कीमत पर रोका जाएगा।