अमरोहा। कृषि विभाग की ओर से विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग ब्लॉक में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। शुक्रवार को भी आयोजित कार्यक्रमों में किसानों को प्राकृतिक खेती के बारे में जागरूक किया गया।
शुक्रवार को अमरोहा के गांव मोहनपुर शुमाली, जमना खास व पेली चौहान, गंगेश्वरी के सांथलपुर, आदमपुर एवं ढवारसी व धनौरा के खाबरी, शेरपुर व आजमपुर में आयोजित हुए कार्यक्रम में किसानों को खरीफ फसलों, मृदा परीक्षण, प्राकृतिक खेती, गन्ना के साथ सहफसली खेती फसल सुरक्षा ,पशुपालन संबंधी समस्याओं के बारे में किसानों को जागरूक किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. एके मिश्र ने कहा कि कीटनाशकों एवं फफूंद नाशक दवाओं का कम से कम प्रयोग करें। कीटनाशकों के अंधाधुंध प्रयोग करने से मनुष्यों में विभिन्न प्रकार की बीमारियां जैसे कैंसर, हृदयाघात, अल्सर जैसी बीमारियां हो रही है। इसलिए किसान अधिक से अधिक प्राकृतिक खेती की तरफ रूख करें। कृषि विज्ञान केंद्र के पादप प्रजनन वैज्ञानिक डॉ. अमित तोमर, फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. हादी हुसैन खान तथा जिला उद्यान विभाग, वरिष्ठ गन्ना निरीक्षक, सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।