अमरोहा। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में भारतीय किसान यूनियन श्रमिक जनशक्ति के पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
बुधवार को भाकियू श्रमिक जनशक्ति के तमाम पदाधिकारी कलक्ट्रेट पहुंचे। किसानों की अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। डीएम को दिए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि यह समझौता किसानों, लघु उद्योगों और घरेलू व्यापार के हितों के विपरीत लागू किया गया तो इसका व्यापक असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। ज्ञापन में मांग की गई कि सरकार किसी भी व्यापार समझौते से पहले किसानों, व्यापारियों और उद्योग जगत के हितों की रक्षा सुनिश्चित करे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर राष्ट्रीय महामंत्री टिंकू चौधरी, जिला अध्यक्ष अमित खारी, अंकित त्यागी, रामस्वरुप, विपिन सागर आदि मौजूद रहे।