अमरोहा। गन्ना क्रय केंद्र बदलने की मांग को लेकर किसान बृहस्पतिवार को भी डीसीओ दफ्तर पर डटे रहे। सुबह के समय जुलूस के रूप में किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। जहां डीएम के किसानों की मांगों को शासन स्तर पर भेजे जाने के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया। किसानों का कहना है कि वह किसी कीमत पर भी दीवान शुगर मिल को अपना गन्ना आपूर्ति नहीं करेंगे।
गांव मउमय चक के किसान काफी समय से नंगलिया बी क्रय केंद्र त्रिवेणी शुगर मिल रानी नांगल से हटाकर दीवान शुगर मिल अगवानपुर को दिए जाने का विरोध करते चले आ रहे हैं। किसानों का कहना है कि बिना किसानों के प्रस्ताव और मांग के डीसीओ ने उनका क्रय केंद्र बदलवा दिया। बुधवार को किसानों ने मांगों को लेकर डीसीओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। रात के समय भी किसान डीसीओ कार्यालय पर जमे रहे। बुधवार को किसानों ने धरने के दौरान डीसीओ द्वारा पुलिस बुलाने पर भी किसान भड़क गए। उन्होंने इसकी शिकायत डीएम राजेश कुमार त्यागी से भी की। कुछ आक्रोशित किसान रातभर धरने पर बैठे रहे।
बृहस्पतिवार को किसान भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान डीसीओ कार्यालय पर जमा हुए। जिसमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल रहीं। यहां से किसान चौधरी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां धरना देकर बैठ गए। बाद में किसानों का प्रतिनिधि मंडल मामले को लेकर डीएम से मिला। डीएम ने किसानों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उनकी मांगों को शासन को भेजे जाने की बात कही। जिसके बाद किसानों ने अनिश्चितकालीन धरने की समाप्ति की घोषणा कर धरना समाप्त कर दिया।
किसानों का कहना है कि किसी भी हाल में दीवान शुगर मिल का अपने गन्ने की आपूर्ति नहीं करेंगे। बताया कि प्रशासन एवं डीसीओ द्वारा गन्ना क्रय को बदलने के लिए तीन दिन का समय मांगा गया है। तीन दिनों के भीतर अगर गन्ना क्रय केंद्र वापस नहीं लाया गया तो धरना फिर से शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर विजयपाल सिंह, बलवीर सिंह, अजीत सिंह, अनिल कुमार, अवतार सिंह आदि मौजूद रहे।
-