जोया। हाईवे किनारे सोत नदी पर बन रहे ओवरब्रिज की साइड रोड (साइड लाइन) को कम चौड़ा बनाने का आरोप लगाते हुए जोया, नारंगपुर के ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। हाईवे निर्माण का कार्य रोक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। चौकी इंचार्ज के समझाने पर किसान नहीं मांने और हाईवे पर ही धरने पर बैठ गए। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। किसान अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
हाईवे निर्माण के चलते घंसूरपुर वाले रास्ते पर ओवरब्रिज बन रहा है। बुधवार को जोया और नारंगपुर के तमाम ग्रामीण एकत्र होकर हाईवे पर पहुंचे। यहां सोत नदी पर बन रहे पुल के पास साइड रोड कम चौड़ा बनाने का आरोप लगाकर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों के मुताबिक निर्माण एजेंसी ने हाईवे पर जगह-जगह ओवरब्रिज पर साइड रोड 10 मीटर छोड़ा है, जबकि यहां पर केवल 5 मीटर का साइड रोड छोड़ा है और वह भी कच्चा है। जानबूझकर साइड रोड को बनाया नहीं जा रहा है। जिससे स्थानीय लोगों के सामने भारी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज ग्रामीणों ने ओवरब्रिज का निर्माण कार्य रुकवा दिया।
कहा, जबतक अधिकारी मौके पर आकर मानक के अनुरूप साइड रोड को छुड़वाकर पक्का नहीं कराते हैं, तब तक काम नहीं होने दिया जाएगा। ओवरब्रिज निर्माण रूकने की जानकारी मिलते ही जोया चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए और धरना दे रहे किसानों काफी समझाया। लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। किसानों ने अपनी समस्या से संबंधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को भेजा। देर रात तक किसान धरने पर बैठे हुए थे। इस दौरान नौशाद अली, नासिर, यशफल, इबरान अली, जीशान अली, शिवपाल सिंह, विरेंद्र सिंह, अंकित, हरस्वरूप आदि मौजूद रहे।