सहकारी समितियों पर एनपीके खाद नहीं होने के विरोध में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन असली के कार्यकर्ताओं और किसानों ने क्षेत्र की तीन सहकारी समितियों पर तालाबंदी कर दी। नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए। देर शाम तक भाकियू कार्यकर्ता समितियों के बाहर डटे रहे। एसडीएम ने वेयरहाउस इंचार्ज से एनपीके वितरण की रिपोर्ट तलब की है। भाकियू ने सोमवार रात तक एनपीके खाद नहीं आने पर मंगलवार सुबह शेरपुर चुंगी पर सड़क जाम करने की चेतावनी दी है।
जिलेभर में रबी की फसल की बुवाई के लिए जरूरी एनपीके खाद की कमी बनी हुई है। जिसको लेकर किसानों में रोष है। भाकियू असली ने 24 नवंबर को बैठक कर एक दिसंबर तक सहकारी समितियों पर एनपीके खाद उपलब्ध नहीं होने पर दो दिसंबर को सहकारी समितियों पर तालाबंदी करने की चेतावनी दी थी। सोमवार सुबह भाकियू कार्यकर्ता व किसान वासीपुर किसान सेवा सहकारी समिति, धनौरा पश्चिमी सहकारी समिति और डींगरा सहकारी समिति पर पहुंचे।
उन्होंने कर्मियों को बाहर निकालकर कार्यालय और गोदाम पर तालाबंदी कर दी। भाकियू के मंडल अध्यक्ष डूंगर सिंह ने कहा कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में एनपीके खाद नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि निजी दुकानदारों पर तो पर्याप्त मात्रा में एनपीके मौजूद है, जबकि सहकारी समितियों पर नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होगा, किसान यहां से नहीं जाएंगे। भाकियू कार्यकर्ता समिति के बाहर धरने पर बैठ गए।
भाकियू कार्यकर्ताओं के धरने पर बैठने की सूचना पर एसडीएम चंद्रकांता ने गजरौला के वेयरहाउस इंचार्ज से खाद वितरण की रिपोर्ट तलब की। उन्होंने बताया कि धनौरा समिति के लिए एनपीके खाद ट्रक में लोड किया जा रहा है। जिस पर शाम के समय कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। जिला प्रवक्ता नरेश कुमार कहा कि सोमवार रात तक एनपीके नहीं आया तो मंगलवार को सड़क जाम कर दी जाएगी। इस दौरान जसपाल सिंह, दिनेश प्रधान, राजेंद्र यादव, खचेड़ू सिंह, जावेद मलिक, प्रदीप कुमार, गजवीर सिंह, गंगासरन सिंह मौजूद रहे।