गजराैला। दिल्ली रामलीला मैदान में संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत में ताकत दिखाने के लिए भाकियू टिकैत गुट व भाकियू चढ़ूनी गुट के किसान दिल्ली को रवाना हो गए। रवाना होने से पहले किसानों ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर झुकने वाले नहीं हैं।
टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह के नेतृत्व में किसान बृहस्पतिवार की सुबह गजरौला रेलवे स्टेशन पर एकत्र हुए। यहां पर नारेबाजी कर ट्रेन में सवार हो दिल्ली के लिए रवाना हो गए। जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह ने कहा कि पूरे देश का किसान एकजुट है। इसलिए सरकार को झुकना पड़ेगा। उधर, भाकियू चढ़ूनी गुट के जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी के नेतृत्व में जगदेव सिंह, रवि चौधरी, संजीव चौधरी, जोगिंदर सिंह, सोनू यादव, जाकिर चौधरी, आसिफ अली, बाबू खां, देवेंद्र सिंह आदि किसान निजी वाहनों में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली जाने से पहले सभी ने एकजुट होकर नारेबाजी कर किसानों की आवाज बुलंद की।