ब्लॉक परिसर में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन लोकहित की बैठक आयोजित की गई। इसमें ग्रामीण क्षेत्र में जारी बिजली की अघोषित कटौती पर किसानों ने रोष जताया। साथ ही बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग की। बैठक में ग्रामीण क्षेत्र में राशन की वस्तुओं काे पूरी मात्रा में दिए जाने की मांग भी की गई है।
जिलाध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि छुट्टा पशुओं को लेकर सरकार की नीयत सही नहीं है। कई गोवंशीय पशु ठंड में सड़कों पर घूम रहे हैं। गोवंशीय पशु ठंड व जंगली जानवर का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने गोवंशीय पशुओं को पकड़कर गोशाला भिजवाने की मांग की। राष्ट्रीय सलाहकार कैलाश त्यागी ने अभी तक गन्ने का रेट घोषित न होने पर रोष जताया। कहा, चीनी मिलें शुरू होने के दो माह बाद भी गन्ने का रेट घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने गन्ने का रेट 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की। तहसील अध्यक्ष निलाव त्यागी ने गन्ना मूल्य भुगतान 14 दिन के भीतर कराने की मांग की। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता अतुल त्यागी, धर्मवीर सिंह, सतपाल यादव, राजवीर सिंह मौजूद रहे।