मृतक किसान अभिषेक उर्फ भूरे देहात थानाक्षेत्र के हाशमपुर गांव के रहने वाले श्रीराम सिंह के बेटे थे। दो भाइयों में छोटे अभिषेक उर्फ भूरे के परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं। रविवार की शाम अमरोहा देहात थानाक्षेत्र में कांठ रोड स्थित श्री भारत मशीनरी स्टोर परिसर में दावत का कार्यक्रम चल रहा था। चर्चा है कि यह दावत नगर पालिका से जुड़े ठेकेदार व अन्य लोगों के द्वारा रखी गई थी। इस दावत में नगर पालिका के वार्ड बारह से जुड़े कुछ गांवों के करीब 200 से ढाई सौ लोग शामिल थे। करीब आठ बजे कुछ लोग दावत खाकर चले गए थे, जबकि कुछ लोग मौके पर मौजूद थे। इस दावत में अभिषेक उर्फ भूरे भी आए थे। तभी, कुछ लोगों ने दावत के पंडाल के बगल में अभिषेक उर्फ भूरे की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने गोली उनके सिर में मारी जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद दावत में मौजूद लोग भाग खड़े हुए।
पूछताछ में कोई कुछ बताने को तैयार नहीं
सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया व सीओ सिटी शक्ति सिंह और सीओ अवधभान भदोरिया भी मौके पर आ गए। एसपी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटना स्थल पर साक्ष्य जुटाए। लोगों की भीड़ को देखकर नौगांवा सादात, डिडौली और अमरोहा नगर थाना पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया। बड़ी संख्या में दावत खा रहे लोगों के सामने हुई हत्या से परिजनों में आक्रोश फैल गया। पूछताछ के दौरान कोई भी कुछ बताने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद एक युवक को ही हिरासत में लिया है।
दावत के कार्यक्रम में युवक की हत्या की गई है। कुछ लोगों को चिन्हित किया गया है। दावत का कार्यक्रम किसकी तरफ से चल रहा था इसकी भी जांच की जा रही है। मामले परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। - अखिलेश भदोरिया, एएसपी अमरोहा