रजबपुर (अमरोहा)। अमरोहा-अतरासी मार्ग पर मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार किसान को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतरासी गांव निवासी जमायत अली किसान हैं। उनके पांच बेटों में दूसरे नंबर का 29 वर्षीय बेटा निजामुद्दीन भी खेतीबाड़ी करते थे। उसके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां और दो बेटे हैं। परिजनों के मुताबिक मंगलवार शाम निजामुद्दीन किसी काम से अमरोहा गए थे। देर रात वह बाइक से घर लौट रहे थे। अमरोहा-अतरासी मार्ग पर गांव कलाली के सामने पहुंचते ही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निजामुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्हें अस्पताल ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
वर्जन
मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -डॉ. प्रदीप कुमार, सीओ सिटी