डिडौली। कोतवाली क्षेत्र के तोफापुर भवानीपुर गांव में खेत की रखवाली के लिए लगाए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से किसान गंभीर रूप से झुलस गया। घायल किसान को उपचार के लिए अमरोहा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने दो लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी किसान अजय सिंह बृहस्पतिवार सुबह फत्तेहपुर माफी मार्ग स्थित अपने खेत पर काम करने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि मक्का की फसल को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए खेत के चारों ओर नंगे तार लगाकर उनमें बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। खेत में पहुंचते ही अजय सिंह अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें करंट से छुड़ाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया है। घटना के संबंध में घायल किसान के भतीजे दिलप्रीत सिंह ने डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर जाहिद और डालचंद पर खेत में करंट प्रवाहित करने का आरोप लगाया है। एसपी सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।