अमरोहा। मालीखेड़ा गांव निवासी किसान सुनील (40) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव घर के कमरे में फंदे लटकता मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सुनील की जेब से सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस का दावा है कि सुसाइड नोट में पति-पत्नी के बीच झगड़े का जिक्र है। पोस्टमार्टम कराने के बाद पर उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
परिजनों के मुताबिक शनिवार रात सभी सदस्य खाना खाकर सोए थे। रविवार सुबह सुनील का शव कमरे में ही फंदे पर लटका मिला। सूचना पर इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की। एसपी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने भी मौके पर सबूत जुटाए।
पुलिस को सुनील कुमार की जेब में सुसाइड नोट मिला। पुलिस ने सुसाइड नोट को गोपनीय रखा है। चर्चा है कि सुसाइड नोट में पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े का जिक्र है। सीओ अवधभवन भदोरिया ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।