अमरोहा पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा करते मृतक अनिल सैनी के परिजन।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। पत्तों की गठरी सिर पर लादकर घर लौट रहे किसान की बिजली के तारों की चपेट में आकर मौत हो गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पड़ोसी खेत मालिक पर अवैध तरीके से नंगे तार बिछाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर एकत्र परिजनों ने पुलिस और पोस्टमार्टम कर्मियों पर आरोपियों से मिली भगत का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस तीन सगे भाइयों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह घटना अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के खैराती वाली मढैय्यां गांव की है। यहां पर अनिल सैनी(28 ) का परिवार रहता है। अनिल सैनी पेशे से किसान है। उनके परिवार में पत्नी पुजा के अलावा तीन बेटी हैं। परिजनों के मुताबिक सोमवार की शाम अनिल खेत पर गया था। करीब साढ़े छह बजे वह सिर पर पत्तों की गठरी रखकर पैदल घर लौट रहा था। तभी वह रास्ते के ऊपर से गुजर रहे एचटी लाइन के तारों की चपेट में आकर झुलस गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह तार हमीदपुर के पड़ोसी खेत मालिकों ने किसी काम के लिए अवैध तरीके से डाल रखे थे। खेतों पर काम कर गांव लौट रहे ग्रामीणों ने अनिल को बिजली के तार में लिपटा देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। पड़ोसी खेत मालिकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलते ही एसओ सुरेेश गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मंगलवार को परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस और पोस्टमार्टम कर्मियों पर आरोपियों से मिली भगत का आरोप लगाया। परिजनों ने एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं करने पर रोड जाम करने की धमकी दी है। एसओ ने बताया कि मृतक अनिल के पिता किशन लाल की तहरीर पर पड़ोसी खेत मालिक सगे भाइयों विजय, कलुआ और कैलाश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।