धान की रोपाई के लिए नलकूप का तार लगाते समय करंट की चपेट में आकर किसान की मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। किसान की मौत की सूचना पाकर मंडी धनौरा विधायक राजीव तरारा सीएचसी पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस को पंचनामा भर कर जल्द पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए।
मामला थाना क्षेत्र के गांव फौंदापुर में रविवार की करीब सुबह दस बजे का है। एसएसआई प्रेमपाल सिंह ने बताया कि उनको जानकारी दी गई कि गांव निवासी रमेश चंद्र उर्फ नरेश सिंह(60) पुत्र राम कुंवर का गांव के निकट खेत है जिसमें वह धान की रोपाई की तैयारी कर रहे थे। खेत में पानी भरने को नलकूप चलाने को तार लगाते समय किसान करंट की चपेट में आ गया। परिजन किसान को निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को सीएचसी लाए। घटना की जानकारी पाकर मंडी धनौरा विधायक राजीव तरारा सीएचसी पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने थाना पुलिस को मृतक का जल्द पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए।