आदमपुर। फसलों की रखवाली करने के लिए खेत में बनी मचान पर सो रहे किसान श्योदान सिंह (60) को सांप ने डस लिया।परिजन डॉक्टर के पास ले जाने की बजाय झाड़फूंक कराने वाले के पास ले गए लेकिन किसान की तबीयत और बिगड़ गई।
इस पर किसान को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां बुधवार दोपहर उनकी मौत हो गई। गांव गुरैठा में किसान श्योदान सिंह का परिवार रहता है। श्योदान ने खेत पर मचान बना रखा था। वह रोजाना छुट्टा पशुओं और अन्य जानवरों से फसलों की रखवाली करने के लिए मचान पर ही सोया करते थे।
मंगलवार रात करीब दो बजे सोते समय श्योदान सिंह के हाथ पर मचान पर बने छप्पर से निकलकर सांप ने डस लिया जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। इस बीच श्योदान सिंह मचान से उतरकर किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सुबह होने पर परिजन श्योदान को डॉक्टर के पास लेकर जाने के बजाय अनूपशहर क्षेत्र में झाड़फूंक करने वालों के पास ले गए लेकिन तबीयत में सुधार होने के बजाय किसान की तबीयत और ज्यादा खराब हो गई। झाड़फूंक करने वालों के इलाज करने से मना करने पर परिजन किसान को गंभीर हालत में मेरठ लेकर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती कराया।
मेरठ में इलाज के दौरान बुधवार दोपहर किसान की मौत हो गई। बृहस्पतिवार की शाम को शव गांव पहुंचा। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए गंगाघाट पर लेकर पहुंच गए। श्योदान सिंह ने अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे व एक बेटी छोड़ी है। सीएचसी प्रभारी डा.शशांक चौधरी का कहना है कि सीएचसी में एंटी स्नैक वेनम की डोज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।